सीसीएसयू की पहली मेरिट के पहले दिन हाई परसेंटेज वाले बहुत से छात्रों के होश उड़ गए। मेरिट लो थी और हाई परसेेंटेज वाले उससे बाहर थे। मेरिट में नाम नहीं मिलने पर आवेदक परेशान हो गए। कॉलेज और विवि शिकायत की।
सभी जिलों से शिकायत आने के बाद विवि ने दोपहर में बीए की मेरिट वापस ले ली। सबसे ज्यादा शिकायत बीए की मेरिट को लेकर ही थी। विवि का कहना है मेरिट में आरक्षण लागू करने में तकनीकी गलती की वजह से ऐसा हुआ। मंगलवार तक कॉलेजों को संशोधित मेरिट मिल जाएगी। बीए की मेरिट वापस लेने से पहले कुछ कॉलेजों ने एडमिशन कर लिए थे। पहला दिन मेरिट को समझने और शिकायत करने के नाम रहा।
विवि ने मेरठ और सहारनपुर मंडल के 65 राजकीय और एडेड कॉलेजों के लिए बीए, बीकॉम, बीएससी और बीएससी एजी की पहली मेरिट जारी की थी। सोमवार को एडमिशन होने थे। लेकिन कॉलेजों के पास शिकायतें पहुंचीं। ऐसे आवेदकों की लाइन लग गई, जिनकी परसेंटेज ज्यादा थी, लेकिन मेरिट में नाम नहीं आया। कॉलेजों ने विवि पर टाल दिया। छात्रों ने हेल्प लाइन नंबर और विवि पहुंचकर शिकायत की। हाई परसेंटेज वालों का नाम मेरिट में नहीं आने की मुख्य वजह यह रही कि बिना फैकल्टी बदले उनके नंबर कम कर दिए। फैकल्टी बदलने पर पांच प्रतिशत नंबर कम होते हैं।
बीकॉम और बीएससी में भी कुछ केस इस तरह के सामने आए। इनकी शिकायत की गई। इसके अलावा गैप ईयर में भी ज्यादा नंबर कटने की शिकायत रही। ऑफर लेटर डाउनलोड नहीं होने की शिकायत लेकर आवेदक कॉलेज पहुंचे। मेरिट में नाम था, लेकिन ऑफर लेटर डाउनलोड नहीं हो रहा था। शिकायत के बाद दोपहर में विवि ने बीए की मेरिट वापस ले ली। संशोधन का काम शुरू कर दिया। विवि के सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक बीए की संशोधित मेरिट मंगलवार सुबह तक कॉलेजों को मिल जाएगी। वह उसके हिसाब से एडमिशन कर सकेंगे। आवेदकों के पास भी सूचना मैसेज के माध्यम से पहुंच जाएगी।
पोर्टल रहा बंद
एडमिशन पोर्टल ने भी सोमवार को परेशान किया। दोपहर से वह बंद हो गया। मेरिट वापस लेते ही आवेदक चेक करते रहे कि सुधार के बाद उन्हें जानकारी मिल जाए। देर शाम तक पोर्टल नहीं चला।
69 एडमिशन हुए कंफर्म
पहले दिन एडमिशन की रफ्तार बेहद धीमी रही। मेरठ और सहारनपुर मंडल में सिर्फ 69 एडमिशन ही कंफर्म हुए। हालांकि एडमिशन इससे अधिक हुए हैं, लेकिन कॉलेज ऑनलाइन कंफर्म नहीं कर सके।

0 comments:
Post a Comment