शहर में बढ़ते अपराध और गुरुवार को एक के बाद एक लूटपाट की वारदातों को लेकर कैंट विधायक और कई व्यापार संघ पदाधिकारी डीआइजी से मिलने पहुंचे। दो दिन में वारदातों का खुलासा न होने पर बाजार बंद कर चाबियां पुलिस को सौंपने की बात कही गई।
कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि सुबह सराफा बाजार में डकैती के बाद भी पुलिस हरकत में नहीं आई। दोपहर को दो और लूटपाट होना इस बात का सबूत है कि पुलिस को जनता की सुरक्षा की न परवाह है और न ही कर्तव्य के प्रति गंभीरता है। आरोप लगाया कि पुलिस का न जनता से संवाद है न ही रेस्पांस टाइम ठीक है। बताया कि चेकिंग के नाम पर इंटरसेप्टर वाहन, ट्रैफिक पुलिस, फैंटम और थाना पुलिस उगाही में लिप्त रहते हैं। व्यापारियों ने कहा कि दो दिन में वारदातों का खुलासा नहीं हो पाया तो दुकानें बंद कर चाबी पुलिस को सौंपी जाएंगी। डीआइजी ने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एसएसपी से बैठक करने और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार संघ पूर्व अध्यक्ष अरूण वशिष्ठ, सरदार दलजीत सिंह, देवेंद्र गुप्ता, नरेश मोहन, राजीव कर्णवाल, पवन मित्तल, कमल ठाकुर, अजय मित्तल, रजनीश गुप्ता, विजय जैन, भोपाल गुप्ता, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

0 comments:
Post a Comment