चौधरी चरण सिंह कावंड़ नहर पटरी मार्ग पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) से प्रारम्भ होकर मेरठ होते हुए मुरादनगर (गाजियाबाद) तक कुल 108 किमी का होगा, जिसकी कुल लागत 165 करोड़ रुपये होगी, जोकि 07 मीटर चौडा होगा तथा कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग की होगी। कार्य आगामी नवम्बर 2017 तक पूर्ण हो जाने की उम्मीद है। जिलाधिकारी पंकज यादव ने आयुक्त सभागार में नहर पटरी मार्ग कार्य ही समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये ताकि पटरी मार्ग समय से पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जा सके।
मुख्य अभियंता लोकनिर्माण विभाग सुधांशु कुमार यादव ने बताया कि निर्माण कार्य के लिये टैण्डर हो चुका है तथा मैसर्स आरसीसी डेवलपर्स लि0, मेरठ के साथ अनुबन्ध भी हो चुका है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ नहर पटरी मार्ग के लिये वर्ष 2010 में पेड़ कटाई की सैद्धान्तिक स्वीकृति मिल गयी थी लेकिन बाद में भारत सरकार ने अनुमति फ्रीज कर दी थी, जिसके बाद राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार को किसी भी नियम कानून का उल्लंघन न होने के सम्बंध में पत्र भेजा था। जिला वन अधिकारी अदिति शर्मा ने बताया कि भारत सरकार ने अद्यतन स्थिति के साथ पातन किये जाने वाले पेड़ों की संख्या मांगी है ताकि पेड़ कटाई की अनुमति भारत सरकार द्वारा दी जा सके। उन्होंने बताया कि पेड़ों की पुर्नगणना वन विभाग द्वारा 03 जून 2016 से प्रारम्भ कर दी गयी है जोकि आगामी 20 जून 2016 तक पूर्ण करा लिया जायेगा।
उसके बाद राज्य सरकार के माध्यम से भारत सरकार को रिपोर्ट भेजी जायेगी। पेड़ कटाई की अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। इस अवसर पर अधिक्षण अभियंता लोकनिर्माण विभाग रामअवतार शर्मा, मुख्य अभियंता गंगा एस.के. शर्मा, वन संरक्षक एस.के. अवस्थी, लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन वर्मा, ज्ञान गुप्ता, अधीक्षण अभियंता गंगा रेगुलेशन सर्किल जियाउल हसन, अधिशासी अभियंता आईसीडी ए.के. यादव, सहायक अभियंता आईसीडी ए.के. जैन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

0 comments:
Post a Comment