Latest News

Translate Language

Thursday, 9 June 2016

क्लीन यूपी ग्रीन यूपी में मण्डल एक कदम आगे

प्रदेश सरकार के क्लीन यूपी ग्रीन यूपी के लक्ष्य को मूर्त रूप देने के लिए मण्डलायुक्त आलोक सिन्हा ने आयुक्त सभागार में हिण्डन नदी में प्रदूषण नियंत्रण के सम्बंध में बैठक की तथा निर्देशित किया कि हिण्डन नदी के किनारे बसे ग्रामों में तालाबों का जीर्णाेद्धार कराया जाए तथा साथ ही तालाब के आसपास वृक्षारोपण भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए आमजन का जागरूक होना व उनकी भागीदारी व सहयोग परम आवश्यक है। उन्होंने ग्रामवार तालाबों को प्लॉट कर नक्शा व योजना आगामी 24 जून तक देने के लिए निर्देशित किया।
आयुक्त ने कहा कि तालाबों के किनारे जामुन, नीम, शीशम व आम आदि के पेड़ लगवाने के लिए कहा तथा कहा कि जो भी पेड़ तालाबों के किनारे लगायें जायें उसकी देखरेख का कार्य ग्रामवासियों को सौंपा जाए।

जिलाधिकारी पंकज यादव ने बताया कि जनपद मेरठ की प्रत्येक तहसील में 10-10 तालाब, चारागाह व कब्रिस्तान को चिन्हित कर उन स्थानों में वृक्षारोपण कराने की कार्ययोजना तैयार कर ली गयी हैं। अपर आयुक्त आर एस धामा ने बताया कि प्रत्येक जनपद में हिण्डन नदी जिस स्थान से प्रवेश करती है व जिस स्थान पर समाप्त होती है उन दोनो स्थानों के पांच-पांच किमी के दायरे के साथ-साथ ग्राम सभा की भूमि पर भी तालाबों का जीणोद्धार व वृक्षारोपण का कार्य कराया जाएगा। अपर आयुक्त ने बताया कि हिण्डन नदी गंगा यमुना नदी के मध्य अवस्थित है तथा नदी का उदगम स्थल जनपद सहारनपुर के शिवालिक पर्वत माला की तलहटी में ग्राम पुर का टांडा में है।

उन्होंने बताया कि यह नदी जनपद सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत एवं गाजियाबाद से होते हुए जनपद गौतमबुद्धनगर में ग्राम मोमनाथल के समीप यमुना नदी में मिलती है, इस नदी की कुल लम्बाई 355 किमी है। अपर आयुक्त ने बताया कि हिण्डन नदी की प्रमुख सहायक नदी पॉवधोई नदी है जोकि जनपद सहारनपुर में है तथा मुख्य सहायक नदी काली नदी पश्चिमी है। विभिन्न जनपदों में हिण्डन व उसकी सहायक नदी के किनारों पर विभिन्न प्रकार के 306 उद्योग स्थापित हैं तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा हिण्डन व इसकी सहायक नदी में प्रदूषण की मात्रा मापी जाती है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मेरठ नवनीत सिंह चहल, गौतमबुद्धनगर माखनलाल गुप्ता, बागपत जेपी रस्तौगी, गाजियाबाद कृष्ण करूणेष, जिला वन अधिकारी मेरठ अदिति शर्मा, गाजियाबाद, बीपी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मेरठ दिनेश चन्द्र, जेडीए कृषि डा. सतवीर सिंह, एनजीओ वॉटर रिर्साेस ग्रुप की अन्ना लॉनिंगा, क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड गाजियाबाद पारसनाथ, नोएडा बीबी अवस्थी, सहायक पर्यावरण अभियंता उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
  • Google Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

Item Reviewed: क्लीन यूपी ग्रीन यूपी में मण्डल एक कदम आगे Description: Rating: 5 Reviewed By: Live MEERUT
Scroll to Top