समाज के निर्माण में मजदूर तबके का भी बराबर का योगदान है, इसलिए श्रमिकों को भी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाना शासन का दायित्व है। यह बात शुक्रवार को मजदूर उत्थान समिति के जिला अध्यक्ष जबर सिंह प्रधान ने कलेक्ट्रेट में धरने के दौरान कहीं। समिति के पदाधिकारियों ने मजदूरों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
मजदूर उत्थान समिति के जिला अध्यक्ष जबर सिंह प्रधान के नेतृत्व में दर्जनों सदस्यों ने कचहरी में डा. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित करते हुए उन्हें प्रणाम किया। इसके बाद श्रमिकों की समस्याओं के संबंध में कलेक्ट्रेट में धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए जबर सिंह ने कहा कि मजदूरों के बिना सभ्य समाज का निर्माण संभव नहीं है, हर क्षेत्र में मजदूरों की पूरी भागीदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद देश में श्रमिकों को मनुष्य की मूूलभूत सुविधाओं से ही वंचित रखा गया है।
उन्होंने मजदूरों के लिए छायादार अड्डे बनाए जाने, पीने के पानी, शौचालय की व्यवस्था कराए जाने की मांग की। इसी के साथ ही श्रम विभाग में श्रमिकों के निशुल्क पंजीकरण, निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर ज्ञानेन्द्र गौतम, सीडी राव, सोहनलाल कर्दम, धारा सिंह, हरीश चंद्र, महेन्द्र, सन्तराम, सुरेन्द्र सिंह, हरीश, ओमकार सिंह, रामवीर बादल, राजकुमार, लखीराम कश्यप, अनीता जाटव आदि मौजूद रहे।

0 comments:
Post a Comment