जिलाधिकारी पंकज यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास कार्यक्रमों का कार्यान्वयन इस प्रकार करें जिसका लाभ समान रूप से समाज के सभी वर्गों के गरीब एवं जरूरतमन्द पात्र लोगों को प्राथमिकता पर मिले तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अन्तर्गत लाभ से वंचित न रह सके। कहा कि शासन प्रत्येक गांव के अन्तिम पंक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिये कटिबद्ध है जिसके परिपालन में सभी विकास से जुड़े अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं का लाभ पूर्ण ईमानदारी एवं तत्परता के साथ जरूरतमन्द लोगों को देकर शासन की मंशा को पूर्ण कर जनपद के विकास के साथ प्रदेश व देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के बीच संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक गांव के अन्तिम व्यक्ति को विकास कार्यक्रमों का लाभ नहीं मिलेगा तब तक मुख्यमंत्री का विकास का एजेण्डा अधूरा रहेगा, इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ सभी पात्रों को देना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बैठक में कृषि विभाग, उद्यान, स्वास्थ्य, पशुपालन, पंचायत राज, समाज कल्याण, गन्ना, शिक्षा, जल निगम, विकलांग वृद्धा विधवा पेंशन, विभिन्न छात्रवृत्ति समाजवादी पेंशन, वैकलिप्क ऊर्जा, लोनिवि, लोहिया आवास, कौशल विकास, शौचालय निर्माण, ग्रामीण विद्युतीकरण आदि विभागों की संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विभागवार गहनता से प्रगति की समीक्षा की।
जनपद में निर्माणाधीन योजनाओं के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा, इसलिए सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण गुणवत्तायुक्त होने चाहिये। यदि इसमें किसी भी स्तर पर कोई शिथिलता पायी गयी तो उसको सम्बंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था को दोषी सिद्ध करते हुए उनके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा विभागीय अधिकारी अपनी विभागीय योजनाओं के निर्माण कार्य की देखरेख नियमित रूप से करें ताकि किसी प्रकार की कमी पाये जाने पर उसको समय रहते सुधारा जा सके। जिलाधिकारी ने जनपद के वर्ष 2016-17 के लिये चयनित समस्त लोहिया ग्रामों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यक्रमों की भी विभागवार विस्तार से समीक्षा की।
सभी विभागीय अधिकारी अपने विभागीय योजनाओं से लोहिया समग्र ग्रामों को पूर्ण रूप से प्राथमिकता पर संतृप्त करें ताकि सभी ग्रामवासियों को लाभ आसानी से प्राप्त हो सके तथा लाभपरक योजनाओं के अन्तर्गत गांव का कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह सके। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के जनपद के विकास हेतु की गयी घोषणाओं की भी विस्तार से प्रगति जानी। उन्होंने आईटी पार्क, राजकीय डिग्री कॉलिज खरखौदा, आईटीआई किठौर, मैडिकल में सिटी स्कैन, किठौर में 50 बैड की अस्पताल स्थापना, हिण्डन नदी पर मेरठ से बागपत को जोडऩे वाला पुल निर्माण, दादरी से सलावा मार्ग का चैड़ीकरण, सैनी से लावड़ मार्ग, फलावदा से नेडो मार्ग, कोल से राहवती मार्ग, दादरी में कन्या महाविद्यालय की स्थापना, सैनी में राजकीय कन्या इंटर कॉलिज की स्थापना आदि योजनाओं की प्रगति की भी विभागीय अधिकारियों के साथ गहनता से समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश जारी किये।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में विभागवार तथ्यों का प्रस्तुतीकरण करते हुए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में तीव्रता लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 के लोहिया समग्र ग्रामों में लोहिया आवास निर्माण हेतु पात्र व्यक्तियों के सत्यापन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं जिनके द्वारा अभी तक सत्यापन रिपोर्ट अप्राप्त होने के कारण आवास निर्माण में देरी हो रही है। उन्होंने इस कार्य को सम्बंधित अधिकारियों को 03 दिन के अन्दर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए आरके त्रिवेदी, जिला विकास अधिकारी अतुल मिश्रा, उपनिदेशक कृषि रामवीर कटारा, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ला, डीपीआरओ अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. हरपाल सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि, अधीक्षण अभियंता विद्युत, जिला संख्या अधिकारी अजया चैधरी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी पारिशा मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, एसएन पाण्डेय आदि विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 comments:
Post a Comment