कैराना से ¨हदू परिवारों के पलायन के मुद्दे पर विधायक संगीत सोम ने शुक्रवार को अपने आवास से निर्भय यात्रा शुरू की तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। सैकड़ों की विधायक के साथ उनके समर्थक नारेबाजी करते हुए गंगनहर पुल के निकट पहुंचे तो भारी फोर्स ने उन्हें किसी तरह रोका। विधायक ने 15 दिन में कैराना से पलायन कर गए परिवारों की वापसी न होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी देकर यात्रा स्थगित करने की घोषणा कर दी। विधायक ने कहा कि वह कैराना को पाकिस्तान नहीं बनने देंगे। सपा सरकार में वर्ग विशेष को बढ़ावा दिया जा रहा है। ¨हदुओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।
अतुल ने कसे संगीत सोम पर तंज
सियासी अखाड़ा बने सरधना में शुक्रवार को खूब उठा-पटक मची। सिटी प्वाइंट पर सपा प्रत्याशी अतुल प्रधान ने सुबह से बैठक का दौर शुरु कर दिया। इस दौरान विभिन्न गांवों के प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, छात्र नेता जुलूसों के रूप में पहुंचे। अतुल प्रधान ने भाजपा और खासकर सरधना विधायक संगीत सोम पर खूब तंज कसे। सीधे, तौर पर कहा कि वादे और घोषणाओं की हकीकत अब जनता जान गयी है और ऐसे लोगों को चुनाव में मुंह की खानी पड़ेगी। अतुल प्रधान ने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। कैराना में पलायन मामले पर प्रदेश सरकार ने जांच बिठा दी है। ऐसे में सरधना विधायक निर्भय-पदयात्रा के जरिए माहौल बिगाड़ने में लगे हैं। बैठक में आए दोनों संप्रदाय के विभिन्न बिरादरी के लोगों का उन्होंने परिचय कराया। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने कहा कि भ्रामक प्रचार के जरिए सस्ती लोकप्रियता कमाने में भाजपाई जुटे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिवालखास विधायक गुलाम मुहम्मद, महानगर अध्यक्ष अब्दुल अलीम अलवी ने भी भाजपा को कोसा। कहा कि अमन को पलीता लगाने का काम भाजपाई कर रहे हैं।

0 comments:
Post a Comment