ज्येष्ठ का दशहरा पर्व मंगलवार को हर्षाेल्लास से मनाया गया। सरोवरों में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पुण्य कमाया और मंगलकामना की। जगह-जगह छबील लगाकर शर्बत व ठंडे जल का वितरण किया गया। अलसुबह से शुरु हुआ पर्व देर शाम तक चला।
गगोल तीर्थ पर सुबह से मेले जैसा माहौल रहा। दूर-दूर से श्रद्धालु गगोल सरोवर में डुबकी लगाने पहुंचे। मंगलकामना करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। शास्त्रीनगर, जागृति विहार, दामोदर कालोनी, अजंता कालोनी, कल्याणनगर, जयदेवी नगर, माधवपुरम, शिवशक्ति नगर, ब्रह्मापुरी, गणेशपुरी, इन्दिरानगर समेत शहर व देहात से लोग विभिन्न साधनों से पहुंचे।
भक्तिभाव से पूजन कर खील-बताशे के प्रसाद वितरण किया गया। पितृों की आत्म शांति के लिए प्रार्थना हुई और पिंडदान भी किया गया। लोगों ने मेले का भी लुत्फ उठाया। छोटे बच्चों ने जहां झूले झूले तो वहीं महिलाओं को चाट, पानी के बताशे आदि खूब भाए। लोगों ने एक दूसरे को ज्येष्ठ के दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उधर, शहरभर में जगह-जगह छबील लगाकर अनेक धार्मिक, सामाजिक व गण्यमान्य नागरिकों की ओर से शर्बत व ठंडे जल का वितरण किया गया।

0 comments:
Post a Comment