केन्द्र सरकार द्वारा डीजल के दामों की गई वृद्धि को लेकर ट्रांसपोर्ट व्यापारियों में आक्रोश है। गुरूवार को ट्रांसपोर्टरों ने ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर हंगामा करते हुए पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका।
ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन के बैनर तले दर्जनों ट्रांसपोर्ट व्यापारी नारेबाजी करते हुए टंकृासपोर्ट नगर चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने पेट्रोलियम केबिनेट मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार डीजल के दाम बढ़ाकर केन्द्र सरकार रोजमर्रा की जरूरत के सामान महंगे करने पर तुली है। यदि डीजल महंगा होगा तो चीजों को लाने और ले जाने का भाड़ा भी बढ़ेगा, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने कहा कि वह केन्द्र सरकार द्वारा बढ़ाए गए पेट्रोल व डीजल का विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डीजल के बढ़ाए गए दाम तत्काल कम न किए गए तो ट्रांसपोर्टर हड़ताल और चक्का जाम से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा, महामंत्री दीपक गांधी, राजू रतन, विजय विनायक, अमित शर्मा, देवीशरण सैन, गौतम विनायक, सरदार खेता सिंह, नवीन शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, योगेश सिंघल, प्रवीण चिन्योटी, दर्शनलाल आदि मौजूद रहे।

0 comments:
Post a Comment