जानी थाना क्षेत्र में मंगलवार से लापता एक पांच वर्षीय मासूम की किसी वहशी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। देर रात रजवाहे से बच्चे का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सुबह शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने कातिल की गिरफ्तारी न होने तक शव के दफीना से इंकार कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ ने किसी प्रकार परिजनों को शांत कराते हुए शव को सुपुर्द-ए-खाक कराया।
सिवालखास निवासी अकबर का पांच वर्षीय पुत्र दानिश गांव के मदरसे में पहली कक्षा का छात्र था। मंगलवार की शाम करीब चार बजे वह घर के बाहर खेलते-खेलते लापता हो गया था। देर रात तक परिजन और ग्रामीण आसपास के स्थानों पर उसकी तलाश में जुटे रहे। रात करीब साढे ग्यारह बजे दानिश का शव गांव के बाहर स्थित एक रजवाहे से बरामद हो गया। शव की हालत देखकर लग रहा था कि किसी वहशी ने दानिश का गला घोंटकर उसकी हत्या की है। मासूृम की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की, लेकिन परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इंकार कर दिया।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटना स्थल का जायजा लिया, लेकिन कातिल का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। उधर, पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को जब दानिश का शव गांव में पहुंचा तो सैकड़ो ग्रामीणों और परिजनों ने कातिल की गिरफ्तारी न होने तक शव को सुपुर्द-ए-खाक करने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद सीओ सरधना मौके पर पहुंचे और कातिल की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बच्चे के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
0 comments:
Post a Comment