डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी को उच्चीकृत कर हवाई अड्डा बनाने की संभावना फिर से प्रबल हो गई है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री महेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डा परियोजना की समीक्षा बैठक में मेरठ में भी हवाई उड़ान की संभावनाओं के तलाशे जाने और इसके लिए संयुक्त टीम गठित करने की बात कही है।
परतापुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में तब्दील करने के लिए डेढ़ वर्ष पूर्व भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण और प्रदेश सरकार के बीच समझौता हुआ था। जिसमें हवाई पट्टी भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण को हैंडओवर कर दी गई थी। लेकिन इसके बाद से आज तक इस पर कोई प्रगति नहीं हुई है। हालांकि इस हवाई अड्डे के लिए जमीन प्रदेश सरकार को उपलब्ध करानी थी, जो आज नहीं हुई है। लेकिन इस बीच तमाम तकनीकी रिपोर्ट के साथ हवाई अड्डा बनने से होने वाले फायदा और नुकसान के आंकलन की भी रिपोर्ट तैयार हुई, जिसमें मेरठ पिछड़ गया था। जिसके चलते भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई टाल दी थी।
केंद्र द्वारा मेरठ में हवाई अड्डे को लेकर चल रही उपेक्षा पर माना जाने लगा था कि यहां हवाई अड्डा नहीं बनेगा। जिस कारण व्यापारियों, उद्यमियों ने पिछले दिनों मेरठ आए केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु से हवाई अड्डा निर्माण की मांग रखी थी। वहीं दूसरी तरफ इस पूरे मामले पर भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी लगातार केंद्र सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
सोमवार को उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डा परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि मेरठ में हवाई अड्डा बनने की संभावनाएं अभी जीवित हैं और इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है। जिसमें केंद्रीय मंत्रालय के दो अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के दो अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम मेरठ में हवाई अड्डे की संभावनाओं पर अपनी रिपोर्ट देगी। जिसके आधार पर शीघ्र ही इस दिशा में कार्रवाई होगी।
स्थानीय उड़ान की ज्यादा संभावना
चूंकि गौतमबुद्धनगर के जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का बनना लगभग तय हो चुका है। तो ऐसे में मेरठ में बनने वाले हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हो पाएंगी। मेरठ से सिर्फ देश के भीतर ही उड़ान की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। जिसमें मुंबई, कोलकाता, चंडीगढ़, बंगलुरू आदि हवाई अड्डों के लिए उड़ान भरी जाएंगी।

0 comments:
Post a Comment