खुद को ऊधम सिंह का शूटर बताकर तीन युवकों ने सोमवार देर रात पॉश सदर बाजार क्षेत्र के बांबे बाजार में फायरिंग कर दी। बीयर पीने के बाद मॉडल शॉप में भी तोड़फोड़ करते हुए लोगों को धमकी दी। पुलिस ने बाजार की चौतरफा घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार कंकरखेड़ा क्षेत्र के सुभाषपुरी मोहल्ला निवासी हरपाल सिंह, सुमेर सिंह और शिवम आर्य सोमवार देर रात बांबे बाजार में पहुंचे। पहले इन युवकों ने बीयर पी और फिर खुद को कुख्यात ऊधमसिंह का शूटर बताकर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मॉडल शॉप में तोड़फोड़ और फायरिंग कर दी। जिससे बाजार में भगदड़ मच गई।
पॉश बांबे बाजार में ऊधम सिंह के शूटरों द्वारा फायरिंग की सूचना से लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। जिसके बाद सदर बाजार पुलिस बांबे बाजार में पहुंची। इंस्पेक्टर सदर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस के सामने भी युवक खुद को ऊधम सिंह के शूटर बता रहे थे। तीनों युवक शराब के नशे में धुत हैं। मेडिकल रिपोर्ट में अल्कोहल की पुष्टि हुई है। हालांकि पूछताछ करने पर तीनों युवकों का ऊधमसिंह से कोई लेना-देना नहीं पाया गया। इनके परिजनों को भी थाने बुला लिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

0 comments:
Post a Comment